संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया (पश्चिम चंपारण)
बेतिया । चैती छठ पूजा को लेकर बेतिया नगर निगम क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने जिला मुख्यालय के प्रमुख छठ घाटों का दल-बल के साथ निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने सागर पोखरा, संत घाट, उत्तरवारी पोखरा और दुर्गाबाग मंदिर परिसर स्थित छठ घाटों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर विधिवत साफ-सफाई सुनिश्चित की गई है तथा प्रत्येक घाट पर लगभग एक-एक क्विंटल चुना भी उपलब्ध कराया गया है।
महापौर ने कहा कि चैती छठ पूजा वसंत ऋतु में नेम-धर्म और सात्विक परंपरा के साथ मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण पर्व है। यह प्रकृति के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर भी है, जिसमें श्रद्धालु नदी एवं तालाब के किनारे स्वच्छता और सजावट के साथ पूजा-अर्चना करते हैं।
उन्होंने बताया कि षष्ठी तिथि से प्रारंभ होने वाला यह व्रत 36 घंटे के निर्जला उपवास के साथ संपन्न होता है, जिसमें अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य देव की आराधना की जाती है।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि चैती छठ पूजा एक वैदिक अनुष्ठान है, जो मानसिक और शारीरिक क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ आध्यात्मिक शुद्धि प्रदान करता है। इस पूजा के माध्यम से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने की मान्यता भी है।
नगर निगम द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।