संवाददाता – राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली (बिहार)
31 मार्च 2026
राजापाकर । बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीपुर मंझीपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 322 (NH-322) पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिस्किट से लदा एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया, जिसमें एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक पटना से बिस्किट लोड कर रोसरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाजीपुर की तरफ से आ रही ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और पीछे से साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से साइकिल सवार दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान बाकरपुर कुतुबपुर वार्ड संख्या 9 निवासी मोहन पंडित के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है। चंदन कुमार ने बताया कि वह रोज़गार के लिए गाजीपुर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
घटना के बाद चालक का वाहन से नियंत्रण पूरी तरह हट गया, जिससे ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही राजापाकर थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। थाना अध्यक्ष गौरी शंकर बैठा ने बताया कि चालक नशे की हालत में था। ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि घायल द्वारा आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।