Bihar News: सारण शिक्षक निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त कराने के निर्देश
संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार, बेतिया में ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी तरनजोत सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया कुमार गौतम तथा पुलिस अधीक्षक, बगहा राजेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रतिनियुक्त सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर दंडाधिकारियों, पीठासीन पदाधिकारियों तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करें अधिकारी
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारी पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन कार्यों का सुचारू संचालन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पूरी तरह पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित किया जाए तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और नियमों के पालन पर जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान समय पर प्रारंभ कराने, मतपेटिकाओं एवं मतपत्रों की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मतदान केंद्रों पर निर्धारित नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही निर्धारित परिधि के भीतर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
उन्होंने ऑनलाइन रिपोर्टिंग एवं सूचनाओं को समयबद्ध तरीके से अद्यतन करने का निर्देश देते हुए कहा कि डिस्पैच सेंटर से प्रस्थान करने से पहले प्राप्त निर्वाचन सामग्री का चेकलिस्ट के माध्यम से अनिवार्य रूप से मिलान कर लिया जाए। इससे मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सकेगा।
मतदान कर्मियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन करने के निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने पी-1, पी-2 एवं पी-3 मतदान कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी को अपने-अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने मतदाता पहचान पत्रों के सत्यापन, मतदान प्रक्रिया के नियमानुसार संचालन तथा मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कराने सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं मतदान कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने की अपील की।
सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : एसएसपी
वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया कुमार गौतम ने कहा कि निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक नहीं होनी चाहिए। सभी पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करने की अपील की।
वहीं, पुलिस अधीक्षक, बगहा राजेश कुमार ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने तथा शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं भयमुक्त वातावरण में निर्वाचन सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।
कई जिलास्तरीय पदाधिकारी रहे उपस्थित

संयुक्त ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती रोचना माद्री, उप निर्वाचन पदाधिकारी लालबहादुर राय, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ आलोक सहित अन्य संबंधित जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा आपसी समन्वय के माध्यम से सारण शिक्षक निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने पर जोर दिया गया।
