संवाददाता मोहन सिंह बेतिया
जिलाधिकारी, कुंदन कुमार द्वारा उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के कार्य प्रगति की समीक्षा की गयी। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कृषकों के हितों के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों को पूर्ण पारदर्शी तरीके से दिलाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मखाना विकास योजना एवं मुख्यमंत्री बागवानी मिशन योजना से योग्य लाभुकों को लाभान्वित किया जाय। उक्त योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराना सुनिश्चित किया जाय ताकि अधिक से अधिक कृषकों को लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने निदेश दिया कि विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति ससमय करने हेतु तीव्र गति से कार्य करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि कृषकों को सबौर मखाना-1 एवं स्वर्ण वैदेही प्रभेद का उपयोग करके मखाना का उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने हेतु जागरूक एवं प्रेरित करें। इससे कृषकों की आमदनी में बढ़ोतरी होगी। कृषि विभाग द्वारा उक्त प्रभेदों के मखाना उत्पादन पर भी जोर दिया जा रहा है।
समीक्षा के क्रम में सहायक निदेशक, उद्यान द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री बागवानी मिशन योजना अंतर्गत मशरूम कीट, प्लास्टिक कैरेट, लैनो बैग, मधुमक्खी बक्सा योजना संचालित की जा रही है। जिस पर विभाग द्वारा इकाई लागत का 90 प्रतिशत का अनुदान का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि मशरूम एवं मधुमक्खी बक्सा योजना का लाभ लेने के लिए प्रशिक्षण प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य है। इस योजना का आवेदन वैसे किसान जो कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर रजिस्टर्ड हैं वे उद्यान निदेशालय के माध्यम से http://horticulture.bihar.gov.in पर ऑनलाइन कर सकते हैं।
मखाना विकास योजना की समीक्षा के क्रम में सहायक उद्यान पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिलान्तर्गत मखाना की खेती हेतु 30 हेक्टर लक्ष्य की प्राप्ति हुयी है। इस योजना के तहत प्रति हेक्टेयर लागत मूल्य 97000.00 रूपये का 75 प्रतिशत का अनुदान देने का प्रावधान है। ऑनलाइन आवेदन में अद्यतन रसीद/भूस्वामी प्रमाण पत्र, फोटो अपलोड करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 20.09.2022 है।
इस योजना का आवेदन वैसे किसान जो कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर रजिस्टर्ड हैं वे उद्यान निदेशालय की वेबसाइट के माध्यम से http://horticulture.bihar.gov.in/HORTMIS/Makhana/OnlineAppMakhana.aspx पर अधिकतम 0.5 एकड़ से लेकर 02 हेक्टेयर तक के लिए ऑनलाइन कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए अपने प्रखंड के किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी या जिला उद्यान कार्यालय, पश्चिम चम्पारण से संपर्क कर योजना का लाभ लिया जा सकता है। जीविका समूह के सदस्य जिला परियोजना प्रबंधक से संपर्क कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, राजीव कुमार सिंह, सहायक निदेशक, उद्यान, विवेक भारती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।