संवाददाता: मोहन सिंह
स्थान: बेतिया, पश्चिमी चंपारण (बिहार)
बेतिया। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने जानकारी दी कि जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और आपूर्ति में अनियमितता को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिले के तीनों अनुमंडलों में नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी तरह की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन के प्रयासों से बैकलॉग में भी कमी आई है, जिससे उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर समय पर पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में फिलहाल 20,580 एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वहीं, बीते दिन 9,324 सिलेंडरों की सफलतापूर्वक डिलीवरी की गई, जो बेहतर आपूर्ति प्रबंधन को दर्शाता है।
शिकायतों के निपटारे को लेकर भी प्रशासन गंभीर है। प्राप्त सभी शिकायतों को संबंधित एसडीएम को भेजकर त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं। आज कुल 35 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें बेतिया से 29, नरकटियागंज से 3 और बगहा से 3 मामले शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सभी शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और एलपीजी आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
(नोट: एलपीजी से संबंधित विज्ञप्ति जारी करने वाले अधिकारियों को जमीनी स्थिति का भी आकलन करना आवश्यक है।)