Bihar News : भगवान बलराम जयंती पर किसानों ने की पूजा-अर्चना, अच्छी फसल की कामना
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
भारतीय किसान संघ के तत्वावधान में कृषि देवता भगवान बलराम जी की जयंती प्रखंड क्षेत्र के बेरई पंचायत स्थित भोजपट्टी गांव में धूमधाम और श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान बलराम के तैलचित्र पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा किसानों और क्षेत्र में अच्छी फसल एवं समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष सर्जीसर्व सिंह ने की। उन्होंने भगवान बलराम के जीवन और कृषि क्षेत्र में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बलराम को कृषि का जनक माना जाता है। भारतीय कृषि परंपरा में उनका विशेष महत्व है और किसान अच्छी फसल तथा कृषि समृद्धि की कामना के साथ उनकी पूजा-अर्चना करते हैं।
उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा कृषि क्षेत्र में आधुनिकता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए आधुनिक कृषि पद्धतियों, तकनीक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी भगवान बलराम के जीवन एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों के कल्याण और कृषि विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, उपाध्यक्ष सुरेश राम, जिला मंत्री समरेश कुमार सिंह, राम इकबाल सिंह, प्रभु दयाल सिंह, मृत्युंजय कुमार सिंह, राजीव सहनी, मिथिलेश सहनी, हरेंद्र राम, राम बली पासवान, लालू राम, सौरव कुमार, गोलू कुमार सहित दर्जनों किसान एवं संघ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।