संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण: गरिमा देवी सिकारिया की अध्यक्षता में सोमवार को नगर निगम कार्यालय कक्ष में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर क्षेत्र के विकास कार्यों एवं पूर्व में पारित प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान काली बाग, बस स्टैंड, टाउन हॉल, शहीद पार्क, झिलिया पार्क एवं कम्युनिटी हॉल के निर्माण, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण से जुड़ी योजनाओं में टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं होने पर महापौर एवं समिति सदस्यों ने गहरी नाराजगी जताई। महापौर ने इसे प्रशासनिक शिथिलता बताते हुए शीघ्र निविदा जारी करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
साथ ही कई लंबित प्रस्तावों के अनुपालन में देरी पर भी असंतोष व्यक्त किया गया और नगर आयुक्त से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में बेतिया राज कार्यालय द्वारा राज देवड़ी क्षेत्र में बिना नगर निगम की अनापत्ति प्रमाण पत्र के पार्किंग संचालन पर भी सवाल उठाए गए। समिति ने इसे अवैध करार देते हुए इस पर रोक लगाने का प्रस्ताव पारित किया।
नगर निगम के सैरात स्थलों पर निर्धारित दर से अधिक वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रसीदों और वसूलीकर्ताओं की पहचान (आईडी) के सत्यापन का निर्णय लिया गया। साथ ही सभी स्थलों पर अनिवार्य रूप से रेट चार्ट प्रदर्शित करने और 50 प्रमुख स्थानों पर रेट चार्ट की पेंटिंग कराने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त सोवा बाबू चौक, छावनी एवं बस स्टैंड क्षेत्र में ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन निर्माण में हो रही देरी पर भी चिंता जताई गई। इस संबंध में महापौर की अध्यक्षता में जल्द ही संवेदकों, अधिकारियों एवं चालकों की संयुक्त बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
स्वच्छता अभियान के तहत प्रत्येक मंगलवार को सभी 46 वार्डों में नालों में लार्वा नाशक दवा के छिड़काव का निर्देश दिया गया। वहीं नाला सफाई, स्ट्रीट लाइट एवं हाई मास्ट लाइट की स्थापना और मरम्मत कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जनवरी 2024 से लंबित योजनाओं को विभागीय प्रक्रिया के बजाय टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से जल्द लागू किया जाएगा और इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त की जाएगी।