संवाददाता: मोहन सिंह
स्थान: बेतिया, पश्चिमी चंपारण (बिहार)
07 अप्रैल 2026
पश्चिमी चंपारण । बेतिया नगर निगम क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शेष बचे सैरातों की बंदोबस्ती को लेकर नगर निगम प्रशासन ने आम अधिसूचना जारी कर दी है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इन सैरातों की खुली नीलामी प्रक्रिया 9, 10 और 13 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी।
नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नीलामी का आयोजन निर्धारित तिथियों को पूर्वाह्न 11 बजे से नगर निगम कार्यालय परिसर में किया जाएगा। इच्छुक संवेदक निर्धारित शर्तों के साथ इस प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
महापौर ने बताया कि प्रमुख सैरातों में सागर पोखरा एवं उत्तरवारी पोखरा में नौका संचालन, न्यू हरिवाटिका बस स्टैंड की कैंटीन, तथा नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्थित कृषि योग्य भूखंडों की बंदोबस्ती शामिल है। इसके अंतर्गत छावनी मोहल्ला स्थित आबकारी गोदाम परिसर, झिलिया क्षेत्र, पश्चिम करगहिया एवं बासवरिया की पक्की बावली के भूखंड भी शामिल किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त दशहरा हजारी पशु मेला की बंदोबस्ती भी नीलामी में शामिल है, जिससे नगर निगम को महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त होने की संभावना है। महापौर ने बताया कि सागर पोखरा और उत्तरवारी पोखरा में नौका संचालन के लिए जीएसटी सहित दरें निर्धारित की गई हैं। 15 प्रतिशत जीएसटी के बाद शुल्क 11.50 रुपये तथा 18 प्रतिशत जीएसटी सहित 13.57 रुपये तय किया गया है।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इस पारदर्शी नीलामी प्रक्रिया से स्थानीय संसाधनों का बेहतर प्रबंधन होगा, राजस्व में वृद्धि होगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने इच्छुक प्रतिभागियों से समय पर उपस्थित होकर इस प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।