बेतिया/पश्चिमी चंपारण। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर Brahma Kumaris के स्थानीय सेवा केंद्र प्रभु उपवन भवन द्वारा प्रातः 10:30 बजे भव्य शिव ध्वजारोहण एवं दिव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी अंजना दीदी, बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद, बेतिया महापौर गरिमा सिकारिया सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन, केक कटिंग और शिव ध्वजारोहण कर किया। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर “ओम ध्वनि” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

इसके बाद निकाली गई शोभा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। शोभा यात्रा में शिव संदेश से सुसज्जित झांकियां, बैनर और आध्यात्मिक नारों के माध्यम से शांति, पवित्रता और सकारात्मक जीवन मूल्यों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंजना दीदी ने कहा कि महाशिवरात्रि आत्मा और परमात्मा के दिव्य मिलन का पर्व है, जो अज्ञान से ज्ञान की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शिव ध्वजारोहण जीवन में शांति, प्रेम, पवित्रता और शक्ति के ध्वज को ऊंचा रखने का प्रतीक है।
मंत्री नारायण प्रसाद ने कहा कि अध्यात्म व्यक्ति को मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाता है और सकारात्मक सोच से ही बेहतर समाज का निर्माण संभव है। महापौर गरिमा सिकारिया ने वर्तमान समय में अध्यात्म को नई ऊर्जा और सही मार्गदर्शन का स्रोत बताया।
चिकित्सकों ने भी ध्यान और मेडिटेशन को मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन में संस्था के कई कार्यकारिणी सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा।