संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली
बसरा कृषि कार्यालय परिसर में किसान सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आत्मा प्रखंड अध्यक्ष वीर चंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुबोध सिंह ने किया।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार, आत्मा के जिला उप परियोजना निदेशक सियाराम साहू सहित किसान सलाहकार समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी गई तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान प्रखंड में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान एवं टीबी मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की गई। इसके बाद क्षेत्र भ्रमण के क्रम में धान आच्छादन की स्थिति का निरीक्षण किया गया तथा प्रगतिशील किसान प्रभुदयाल सिंह के फार्म का अवलोकन किया गया। उनके फार्म पर सेब, अंजीर, आम, ड्रैगन फ्रूट एवं लीची की उन्नत तकनीक से की जा रही खेती की जिला कृषि पदाधिकारी ने सराहना की।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य एवं बीटीएम सूरज प्रभाकर ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, जैविक खेती तथा कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मशरूम उत्पादन, गोपालन, पशुपालन एवं मुर्गी पालन के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए भी प्रेरित किया।
बैठक में किसानों को जैविक खाद एवं प्राकृतिक कीटनाशक बनाने की विधि भी बताई गई। अधिकारियों ने कहा कि किसान गोमूत्र एवं अन्य प्राकृतिक सामग्री से जैविक कीटनाशक तैयार कर फसलों पर छिड़काव करें, जिससे रासायनिक दवाओं पर निर्भरता कम होगी और फसलों की गुणवत्ता बेहतर होगी।
मिट्टी जांच के महत्व पर भी विशेष चर्चा की गई। किसानों को बताया गया कि मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करने से उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि होती है। साथ ही यह जानकारी भी दी गई कि मिट्टी जांच प्रयोगशाला, हाजीपुर में यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।
बैठक के दौरान किसान सलाहकार समिति के सदस्यों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जबकि खाद, बीज एवं अन्य कृषि सामग्री उन्हें महंगे दामों पर खरीदनी पड़ती है। उन्होंने सरकार से कृषि उपज के बेहतर विपणन एवं उचित मूल्य सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (महुआ), अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (महनार), उप परियोजना निदेशक सियाराम साहू, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य, कृषि समन्वयक विपिन कुमार, किसान सलाहकार धनेश्वर सिंह एवं रामदयाल राय सहित किसान सलाहकार समिति के सदस्य ओंकारनाथ गुप्ता, संजय कुशवाहा, आनंद कुमार, नीलम देवी, अजीत कुमार सिंह, शंकर राम, जय नारायण सिंह, सुंदरम सिंह चौहान, गोवर्धन ठाकुर, आशुतोष कुमार, बजरंगी सिंह सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।