Etawah News: आम्बेडकर जयंती पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पार्कों का किया गया निरीक्षण
संवाददाता रिषीपाल सिंह
बसरेहर। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार थानाध्यक्ष बसरेहर सौरभ सिंह ने मय पुलिस बल के साथ क्षेत्र के विभिन्न आम्बेडकर पार्कों का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष ने पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जयंती समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर क्षेत्र में जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बड़ी संख्या में लोग आम्बेडकर पार्कों में एकत्रित हुए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया।
थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि आम्बेडकर जयंती को लेकर पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने आमजन से भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
प्रशासन की सतर्कता और सक्रियता के चलते क्षेत्र में जयंती कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहे हैं।