Agra News: मुकद्दमा दर्ज होने के विरोध में हड़ताल कर धरने पर बैठे अधिवक्ता

IMG-20220804-WA0056
Share News

संवाद जनवाद टाइम्स न्यूज

बाह: कस्बा बाह स्थित तहसील मुख्यालय परिसर में बुधवार को लेखपालों और अधिवक्ताओं में झड़प के साथ हाथापाई होने पर पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर तीन अधिवक्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है लेकिन अधिवक्ताओं की तरफ से मुकदमा दर्ज नहीं होने पर आक्रोशित अधिवक्ताओं ने गुरुवार को कार्य से विरत रहकर कलम बंद हड़ताल कर तहसील परिसर में धरने पर बैठ कर कार्रवाई की मांग की है।

IMG 20220804 WA0056
विदित हो कस्बा बाह स्थित तहसील परिसर में बुधवार को तहसीलदार कार्यालय पर लेखपाल और अधिवक्तागण एक ठियाबन्दी मामले में कहासुनी को लेकर आमने-सामने आ गए थे। दोनों पक्षों में विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई थी जिसे लेकर लेखपालों और अधिवक्ताओं दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर अभद्रता मारपीट हाथापाई का आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए थाने में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। जिसमें लेखपाल संतोष कुमार राजपूत ने अधिवक्ताओं द्वारा उनके और लेखपाल साथियों के साथ मारपीट का आरोप लगाया था । वही बार एसोसिएशन बाह के अध्यक्ष एडवोकेट आनंद प्रकाश पचौरी ने लेखपालों द्वारा तहसीलदार कार्यालय में अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता कर धक्का मारकर हाथापाई करने की बात कही थी। वहीं पुलिस ने लेखपाल संतोष राजपूत की प्रार्थना पत्र के आधार पर अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। अधिवक्ताओं के प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस द्वारा लेखपालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसे लेकर गुरुवार को बार एसोसिएशन बाह के नेतृत्व में आक्रोशित अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में कलम बंद हड़ताल कर दी और परिसर में धरने पर बैठ गए। अधिवक्ताओं ने तहसील अधिकारी कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की और उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करा कर दोषियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद प्रकाश के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पोर्टल पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर आयुक्त आगरा, जिलाधिकारी आगरा को शिकायती पत्र भेजकर तहसील बाह प्रशासन के भ्रष्ट आचरण से अवगत कराते हुए आरोप लगाया कि तहसील के अधिकारी अपने अधीनस्थ लेखपाल, राजस्व निरीक्षकों के माध्यम से भोली-भाली जनता से वसूली करवाते हैं जिसमें सबका हिस्सा होता है। अधिवक्ताओं ने द्वेषपूर्ण भावना से दर्ज कराए गए मुकदमे को वापस कराने की मांग की है। इसी संदर्भ में बार एसोसिएशन बाह के अध्यक्ष आनंद प्रकाश पचौरी ने बताया कि हमने ज्ञापन सौंपने के लिए एसडीएम बाह को बुलाया मगर वह उपस्थित नहीं हुए तो मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है। पूरे मामले को लेकर अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है।

घटना के विरोध में लेखपालो ने भी की हड़ताल

 

Agra News: मुकद्दमा दर्ज होने के विरोध में हड़ताल कर धरने पर बैठे अधिवक्ता

लेखपालो और अधिवक्ताओं के बीच हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा एक तरफ अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में कलम बंद हड़ताल कर धरने पर बैठकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा है तो दूसरी ओर लेखपालों ने भी कार्य बहिष्कार कर हड़ताल कर दी है। तहसील सभागार में एकत्रित हुए लेखपाल अधिवक्ताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। लेखपालों ने पूरी तरह से काम बंद कर दिया है हड़ताल के चलते ग्रामीण कार्य के लिए परिसर में भटकते रहे।

Trending News