आगरा। धार्मिक संस्था हरि बोल ट्रस्ट द्वारा एकलव्य वाटिका, मनोहरपुर, बलकेश्वर रोड पर आयोजित विशाल सामूहिक एकादशी उद्यापन एवं सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए 70 जोड़ों ने माह की प्रमुख एकादशी पर विधिवत हवन-पूजन कर सामूहिक उद्यापन संपन्न किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें विशिष्ट अतिथि अमित अग्रवाल (ग्वाला), वीरेंद्र मित्तल सहित ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सहभागिता की।इसके पश्चात देव पूजन, एकादशी कथा श्रवण एवं सामूहिक आरती का आयोजन किया गया। पूरे परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण से भक्तिमय वातावरण बना रहा। दोपहर में ब्राह्मण भोज एवं फलाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
संस्थापक ममता सिंघल ने बताया कि शुक्रवार को सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें 11 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों से विवाह संपन्न होगा।
ट्रस्ट अध्यक्ष जितेंद्र गोयल के अनुसार, बलकेश्वर महादेव मंदिर से गाजे-बाजे के साथ 11 दुल्हों की भव्य बारात निकाली जाएगी, जो एकलव्य वाटिका पहुंचेगी। वरमाला कार्यक्रम दोपहर में होगा, इसके बाद प्रीतिभोज एवं विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं एवं समाजसेवी उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन की सराहना की।