Agra News : महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा का दूसरा दिन: गोरखपुर से बस्ती तक बुद्ध धम्म और सामाजिक चेतना का संदेश

IMG-20260828-WA0004
Share News

गोरखपुर/बस्ती। महाड़ सत्याग्रह की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘धम्मभूमि श्रेष्ठ जीवन के लिए’ द्वारा 26 अगस्त 2026 से शुरू की गई महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा का दूसरे दिन 27 अगस्त को गोरखपुर और बस्ती में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। यात्रा के दौरान महाड़ सत्याग्रह के ऐतिहासिक घटनाक्रम, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और बुद्ध धम्म के प्रचार-प्रसार को लेकर लोगों से संवाद किया गया।

रमा बुद्ध विहार गोरखपुर में हुआ स्वागत
यात्रा दूसरे दिन सुबह करीब 9 बजे रमा बुद्ध विहार, महादेव पुरम, गोरखपुर पहुंची। यहां बुद्ध विहार प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों श्रद्धेय रविंदर कुमार, राम आश्रय, कैलाश चंद्र, रमा कांत, ओमप्रकाश, इंद्रजीत, दीपक कुमार, ऋतिक रोशन आदि ने यात्रा का स्वागत किया।

IMG 20260828 WA0004

बैठक की शुरुआत त्रिशरण और पंचशील ग्रहण करने के साथ हुई। इस अवसर पर संगठन के महासचिव हरी गौतम विमल ने चोबदार तालाब, महाड़ सत्याग्रह के घटनाक्रम तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के भाषणों पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।
उन्होंने यात्रा के उद्देश्य और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी उपस्थित लोगों को दी। वक्ताओं ने महाड़ सत्याग्रह के ऐतिहासिक महत्व को समाज तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की और यात्रा को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। जलपान के बाद यात्रा अपने अगले पड़ाव जिला बस्ती की हर्रैया तहसील स्थित आंबेडकर नगर के डॉ. आंबेडकर बुद्ध विहार के लिए रवाना हुई।

हर्रैया के आंबेडकर बुद्ध विहार में बैठक
दोपहर करीब 2 बजे डॉ. आंबेडकर बुद्ध विहार, आंबेडकर नगर, हर्रैया, जिला बस्ती के प्रांगण में अखिल भारतीय बाबा साहब डॉ. आंबेडकर समाज सुधार समिति, हर्रैया-बस्ती के तत्वावधान में बैठक आयोजित की गई।

बैठक की शुरुआत महाकारुणिक बुद्ध और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं के समक्ष पुष्प अर्पित करने तथा त्रिशरण-पंचशील ग्रहण करने के साथ हुई। बैठक की अध्यक्षता श्रद्धेय आर.एस. बौद्ध ने की, जबकि संचालन शिवाकांत बौद्ध ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए हरी गौतम विमल ने चोबदार तालाब, महाड़ सत्याग्रह के घटनाक्रम और बाबा साहब के भाषणों के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाड़ सत्याग्रह केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, मानव अधिकार और सम्मान के संघर्ष का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने संदेश यात्रा के उद्देश्यों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।

IMG 20260828 WA0006

 

इस दौरान श्याम भारतीय आगरा, गौतम कुमार बौद्ध और सी.एल. सिद्धार्थ सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
‘चेतना की आग को बुझने न दीजिए’ पुस्तक का वितरण
बैठक में उपस्थित उपासक-उपासिकाओं को महाड़ सत्याग्रह के अवसर पर बाबा साहब द्वारा दिए गए भाषणों को संकलित कर तैयार की गई पुस्तक ‘चेतना की आग को बुझने न दीजिए’ वितरित की गई। आयोजकों के अनुसार पुस्तक का उद्देश्य महाड़ सत्याग्रह के इतिहास और बाबा साहब के विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

यात्रा के सफल संचालन के लिए अखिल भारतीय बाबा साहब डॉ. आंबेडकर समाज सुधार समिति, हर्रैया की ओर से 5 हजार रुपये तथा सी.एल. सिद्धार्थ ने 200 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। जलपान के बाद बैठक संपन्न हुई और यात्रा अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हुई।

बस्ती के होटल महारानी में बुद्धिजीवियों के साथ संवाद
शाम करीब 7 बजे बस्ती के होटल महारानी में शहर के बुद्धिजीवियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बुद्ध धम्म के प्रभावी प्रचार-प्रसार के साथ-साथ सामाजिक एवं धार्मिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में श्रद्धेय राम यज्ञ गौतम, धर्म प्रकाश गौतम, तिलक राम गौतम, राम चेत, हरी राम राव, शील रक्षित गौतम, विमल कीर्ति दीपांकार, अशोक कुमार बौद्ध, कृष्ण मुरारी, पारस नाथ और लाल चंद सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की।

IMG 20260828 WA0034

इस दौरान हरी गौतम विमल ने उपस्थित लोगों की ओर से पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के तर्क आधारित उत्तर दिए। आयोजकों के अनुसार उनके जवाबों को उपस्थित अधिकांश बुद्धिजीवियों ने स्वीकार किया और विषय पर आगे भी संवाद जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।
कार्यक्रम के आयोजक राम यज्ञ गौतम ने सभी सहभागियों का साधुवाद व्यक्त किया और जलपान कराया।

महाड़ सत्याग्रह की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर निकाली जा रही यह संदेश यात्रा विभिन्न स्थानों पर संवाद, बैठकों और जनजागरण के माध्यम से महाड़ सत्याग्रह के इतिहास तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सामाजिक समानता और मानवाधिकार संबंधी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

Trending News