Agra News :आगरा मेट्रो: NH-19 पर फुट ओवर ब्रिज के ऊपर रखा गया यू-गर्डर, निर्माण में नई तकनीक का इस्तेमाल
संवाददाता प्रताप सिंह आजाद
आगरा। आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर पर गुरु का ताल मेट्रो स्टेशन के पास NH-19 स्थित फुट ओवर ब्रिज (FOB) के ऊपर सफलतापूर्वक यू-गर्डर स्थापित किया गया। खास बात यह है कि राहगीरों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फुट ओवर ब्रिज को हटाए बिना यह कार्य पूरा किया गया।

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) के अनुसार, यू-गर्डर का निर्माण रुनकता स्थित कास्टिंग यार्ड में प्रीकास्ट तकनीक से किया जाता है। इस तकनीक से निर्माण में समय और लागत की बचत होती है तथा यातायात पर कम प्रभाव पड़ता है।
सिंगल पिलर तकनीक से बन रहे स्टेशन
गुरु का ताल और सिकंदरा मेट्रो स्टेशन का निर्माण सिंगल पिलर तकनीक से किया जा रहा है। आईएसबीटी, गुरु का ताल और सिकंदरा स्टेशनों के लिए सभी 24 क्रॉस आर्म का इरेक्शन पूरा हो चुका है। आईएसबीटी से सिकंदरा के बीच प्रस्तावित 272 यू-गर्डर में से 240 स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं, 52 आई-गर्डर में से 40 और 123 पियरकैप में से 117 का काम पूरा हो गया है।
आगरा में दो मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण

आगरा में कुल 29.4 किलोमीटर लंबे दो कॉरिडोर और 27 स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। पहला कॉरिडोर ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा तक 14 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 13 स्टेशन हैं। इसके छह किलोमीटर लंबे प्राथमिकता खंड में मेट्रो का संचालन जारी है। दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक लगभग 16 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 14 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जा रहे हैं।