बेतिया: निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता, तिरहुत आयुक्त राजकुमार की राजनीतिक दलों संग बैठक

IMG-20250827-WA0008
Share News

बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2025 (Special Intensive Revision – SIR 2025) के अंतर्गत बुधवार को तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त सह रोल प्रेक्षक राजकुमार ने जिला मुख्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक की। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार और अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

IMG 20250827 WA0008

बैठक में आयुक्त ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि मतदाता सूची की प्रामाणिकता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और सभी दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की।

राजकुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन आयोग के नवीन दिशा-निर्देशों और सर्वोच्च न्यायालय के हालिया निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति आवश्यक है, जिससे निगरानी और पारदर्शिता बनी रहे।

उन्होंने बताया कि 1 अगस्त 2025 को प्रकाशित प्रारंभिक निर्वाचक नामावली में किसी भी त्रुटि या अनुचित विलोपन की जानकारी मिलने पर राजनीतिक दल और नागरिक निर्धारित समय में दावा और आपत्ति (फॉर्म-6, 7, 8) दर्ज कर सकते हैं।

बैठक से पूर्व आयुक्त ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण भी किया और बूथ लेवल अधिकारियों से मतदाता सूची अद्यतन और घर-घर सत्यापन अभियान की प्रगति जानी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र नामों को हटाना सभी की जिम्मेदारी है।

अंत में, आयुक्त ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को और मजबूत बनाया जा सकता है।

Trending News