संवाद जनवाद टाइम्स न्यूज
बाह: रात्रिकालीन बस में बाह से दिल्ली जा रहे यात्री के साथ रोडवेज बस के चालक और परिचालक ने गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। यात्री ने अपने साथ हुए दुर्व्यवहार की लखनऊ मुख्यालय में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए चालक परिचालक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक कस्बा बाह के निवासी दीपक कुमार सोमवार भदावर बाह डिपो की रात्रिकालीन बस से बाह से सराय काले खां दिल्ली अपनी रिश्तेदारो से मिलने के लिए जा रहे थे। आरोप है कि बस के आगरा से निकलने के बाद बस के चालक और परिचालक ने जो कि बिना वर्दी में थे, ने उसे जबरन सीट से खड़ा कर दिया और विरोध करने पर उसको थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं उसे बस से धक्का देकर रास्ते मे उतारने की धमकी देने लगे। अन्य यात्रियों के विरोध करने पर चालक परिचालक माने।
अपने साथ रोडवेज बस के चालक परिचालक द्वारा की गयी अभद्रता को लेकर यात्री ने परिवहन निगम के शिकायत प्रकोष्ठ में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए चालक परिचालक पर सख्त कार्यवाही की मांग की है। साथ ही दिल्ली से वापस लौटने पर रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक और डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक से मिलकर दोनों के खिलाफ लिखित शिकायत करने की बात कही है।