Bihar News :वैशाली के ब्रज मोहन दास महाविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान, छात्रों ने ली शपथ
संवाददाता राजेंद्र कुमार
दयालपुर (वैशाली)। ब्रज मोहन दास महाविद्यालय, दयालपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने की। इस दौरान शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन जीने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रोफेसर रवि रंजन कुमार ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने कहा कि नशा हमारे जीवन को बर्बाद कर देता है। किसी भी प्रकार का नशा स्वास्थ्य और भविष्य के लिए हानिकारक है। नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ उसके पूरे परिवार को प्रभावित करती है।
उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया की बढ़ती लत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आजकल कई लोग रील बनाने और सोशल
मीडिया पर समय बिताने में अपना कीमती समय और भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। कई बार लापरवाही के कारण लोग दुर्घटनाओं का शिकार भी हो जाते हैं। इसलिए हमें सोशल मीडिया के अनावश्यक इस्तेमाल से बचना चाहिए और अपने समय का सदुपयोग करना चाहिए।
प्राचार्य ने कहा कि नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए। नशे के उत्पादन और उपलब्धता पर नियंत्रण के साथ-साथ लोगों को जागरूक करना भी आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार को करता है प्रभावित
कार्यक्रम में डॉ. नागेश्वर कुमार ने कहा कि किसी भी प्रकार का नशा व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की जिंदगी बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। नशे की लत से बाहर निकलने के लिए इच्छाशक्ति, परिवार का सहयोग और सही मार्गदर्शन जरूरी है। यदि कोई व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान है या नशे की लत से जूझ रहा है, तो उसे चिकित्सकीय परामर्श के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराना चाहिए। साथ ही, ऐसे व्यक्ति की भावनात्मक रूप से मदद भी करनी चाहिए, ताकि वह नशामुक्त जीवन की ओर आगे बढ़ सके।

शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सभी शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ ली। छात्र सचिन कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के कई छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर सुशील कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज में नशामुक्त जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।