Etawah News: पितृपक्ष के अवसर पर भारत विकास परिषद तुलसी ने स्पर्श अंध विद्यालय में किया सेवा प्रकल्प
ब्यूरो संवाददाता
दृष्टिबाधित बच्चों को फल, मिष्ठान एवं दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित
इटावा। समाजसेवा को समर्पित भारत विकास परिषद, इटावा तुलसी द्वारा पितृपक्ष के पावन अवसर पर सेवा प्रकल्प के अंतर्गत बुधवार को स्पर्श अंध विद्यालय, पक्का तालाब, इटावा में सेवा एवं सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शाखा की मातृशक्ति की प्रेरणा एवं सभी सदस्यों के सहयोग से विद्यालय के दृष्टिबाधित बच्चों और शिक्षकों को आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर परिषद की मातृशक्ति एवं अन्य सदस्यों द्वारा विद्यालय में रह रहे लगभग 21 दृष्टिबाधित बच्चों एवं 6 शिक्षकों को ताजे फल—सेब, केला, संतरा एवं अमरूद, मिष्ठान के पैकेट, बिस्किट, नमकीन तथा दैनिक उपयोग की सामग्री जैसे आटा, साबुन, तेल, टूथपेस्ट एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं।
सेवा और संस्कार का संदेश
शाखा सचिव डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता ने कहा कि पितृपक्ष केवल पितरों को स्मरण करने का पर्व नहीं, बल्कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग की सेवा करने का भी अवसर है। इसी भावना से प्रेरित होकर तुलसी शाखा की मातृशक्ति ने इस सेवा कार्यक्रम की योजना बनाई। परिषद का उद्देश्य सेवा, संस्कार और सहयोग के माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना है।
वरिष्ठ सदस्य शमीम बेगम ने कहा कि सेवा करना ही हमारे संस्कार हैं। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष के अवसर पर जरूरतमंद बच्चों के बीच सेवा कार्य करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाता है।
सदस्यों का रहा सराहनीय योगदान
तुलसी शाखा के सभी सदस्यों के सहयोग से सेवा प्रकल्प सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में अशोक अग्निहोत्री, प्रीतम खन्ना, शमीम बेगम, अनीता वर्मा, शशि दीक्षित, आशा अग्निहोत्री, मौसमी पाल, देशकुमारी, मंजू सिंह, अंजू चौधरी एवं पंकज कुमार सिंह चौहान सहित अन्य तुलसी सदस्यों एवं स्पर्श अंध विद्यालय से जुड़े लोगों का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम के उपरांत विद्यालय के संचालक राजकिशोर गुप्ता ने भारत विकास परिषद तुलसी के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।