विधायक की पहल पर जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने गठित की छह सदस्यीय समिति
संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
चनपटिया विधानसभा क्षेत्र के चनपटिया प्रखंड अंतर्गत बेतिया डीह पंचायत के जोकहां गांव सहित श्रीनगर, खैरटिया, गुरवलिया, तुनिया, कुड़वा मठिया, पूर्वी तुरहापट्टी एवं आसपास की पंचायतों में जलजमाव और जल निकासी की समस्या के समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विधायक अभिषेक रंजन की पहल पर जिलाधिकारी ने इस मामले में छह सदस्यीय समिति का गठन किया है।

विधायक अभिषेक रंजन ने 10 अगस्त को जिलाधिकारी को पत्र भेजकर उक्त क्षेत्रों में प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली जलजमाव की समस्या से अवगत कराया था। पत्र में बताया गया था कि जल निकासी के प्राकृतिक मार्गों एवं नहरों की समुचित सफाई नहीं होने तथा कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा मिट्टी आदि डालकर अस्थायी डायवर्सन बनाए जाने के कारण पानी का बहाव बाधित हो रहा है। इसके कारण खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से किसानों की फसल प्रभावित होने के साथ बर्बाद भी हो रही है।
इस मामले में जिलाधिकारी ने 18 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर; कार्यपालक अभियंता, तिरहुत नहर प्रमंडल-01, बेतिया; कार्यपालक अभियंता, जल निस्सरण प्रमंडल, बेतिया; प्रखंड विकास पदाधिकारी, चनपटिया तथा अंचल अधिकारी, चनपटिया को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
जिला प्रशासन ने समिति को संबंधित क्षेत्रों का संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण करने तथा जलजमाव और जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही समिति से अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया है।
रेलवे डायवर्सन का मामला भी उठाया
कुमारबाग रेलवे स्टेशन से पूर्व पुल संख्या-274 के समीप अनुपयोगी अस्थायी रेल लाइन डायवर्सन के कारण जल निकासी बाधित होने का मामला भी विधायक अभिषेक रंजन ने रेलवे के समक्ष उठाया था।
विधायक ने 10 अगस्त को मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर को पत्र भेजकर उक्त डायवर्सन का स्थल निरीक्षण कराने तथा आवश्यकतानुसार उसे हटाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आग्रह किया था।
इसके जवाब में मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर की ओर से 11 अगस्त को संबंधित अधिकारियों को मामले की आवश्यक समीक्षा एवं कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी जल निकासी की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। जिला प्रशासन और रेलवे स्तर पर कार्रवाई शुरू होने से प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में पहल हुई है।