लखनऊ: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन में सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
रिपोर्ट: विजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग, लखनऊ में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित, प्रभावी, न्यायसंगत और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कई सैकड़ा लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याएं उप मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत कीं। श्री मौर्य ने एक-एक फरियादी की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूमि विवाद और राजस्व संबंधी मामलों पर विशेष जोर
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं, वृद्धजन और युवा उपस्थित रहे। इस दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामले, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्रवाई, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।
भूमि संबंधी मामलों को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम गठित कर आवश्यकतानुसार मौके पर भेजी जाए। उन्होंने कहा कि स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से मामलों का सार्थक समाधान कराया जाए। जहां जरूरत हो, वहां कठोर कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
श्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक फरियादी की समस्या का त्वरित एवं संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि समस्याओं का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पीड़ित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि समस्याओं का समाधान इस प्रकार किया जाए कि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें दोबारा कहीं भटकना न पड़े।
पात्र लोगों को सरकारी सुविधाओं का मिले लाभ
श्री मौर्य ने कहा कि जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का भरपूर लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनहित सर्वोपरि है।
उन्होंने जनता दर्शन में आए फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी पीड़ित निराश होकर न लौटे, यह प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
महिलाओं, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता
जनसुनवाई के दौरान उप मुख्यमंत्री ने महिलाओं, दिव्यांगजनों, बुजुर्गों और अन्य फरियादियों की शिकायतों को भी गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए।
श्री मौर्य ने कहा कि जनता दर्शन आमजन से सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी प्राप्त होती है और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का पूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए और आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर निरीक्षण कर पीड़ितों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाए।