Unnao News : हिंदी दिवस पर राजकीय महाविद्यालय लोटना में हिंदी संगोष्ठी का आयोजन
संवाददाता: रजनीश कुमार
उन्नाव। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय महाविद्यालय लोटना पुरवा उन्नाव में हिंदी संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत जी ने की। कार्यक्रम में हिंदी भाषा के महत्व, हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा तथा वर्तमान तकनीकी युग में हिंदी की उपयोगिता पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय से स्थानांतरित होकर नवीन शिक्षण कार्यभार ग्रहण करने वाले सहायक आचार्य डॉ. रजनीश कुमार,सहायक आचार्य, संगणक विभाग तथा डॉ. रमा शिव, हिंदी विभाग का महाविद्यालय परिवार की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
प्राचार्य जी ने डॉ. रजनीश कुमार के महाविद्यालय में आने से विद्यार्थियों को संगणक एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आधुनिक एवं नवीन तकनीकी जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का युग है और विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ अपनी मातृभाषा में ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. रजनीश कुमार अपने तकनीकी ज्ञान एवं अनुभव के माध्यम से विद्यार्थियों को नई दिशा प्रदान करेंगे। प्राचार्य ने उनके शैक्षणिक एवं तकनीकी ज्ञान की प्रशंसा करते हुए उनका अभिनंदन किया।
संगोष्ठी में सहायक आचार्य डॉ. अखिलेश मिश्रा ने उन्नाव की साहित्यिक विरासत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उन्नाव एवं आसपास के क्षेत्र के प्रमुख हिंदी कवियों एवं साहित्यकारों के योगदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को स्थानीय साहित्यिक धरोहर से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि अपनी माटी से जुड़े साहित्यकारों को जानना विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति और विरासत के प्रति गौरव की भावना उत्पन्न करता है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। आज हिंदी का प्रयोग शिक्षा, प्रशासन, साहित्य के साथ-साथ संगणक एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी तेजी से बढ़ रहा है। विद्यार्थियों से हिंदी को अपने दैनिक जीवन में अधिकाधिक प्रयोग करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर सहायक आचार्य डॉ. लोकेश्वर, डॉ. रजनीश यादव,डॉ. कैलाश यादव, डॉ. अखिलेश मिश्रा, डॉ. गोविंद त्रिपाठी,डॉ. इशांत कुमार, शिब गुलाम, धीरेंद्र कुमार, अनुज पाल एवं आरती देवी सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान हिंदी के प्रचार-प्रसार, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया। साथ ही महाविद्यालय द्वारा हिंदी पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत 14 सितंबर से 28 सितंबर तक विभिन्न इंटर कॉलेजों में कैंप लगाकर हिंदी प्रश्नोत्तरी परीक्षा आयोजित कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, जागरूकता एवं ज्ञान को बढ़ावा देना है।