Bihar News : राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ, 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक होंगी विभिन्न गतिविधियां

IMG-20260910-WA0021
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह

बेतिया/पश्चिमी चंपारण। राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का जिलास्तरीय शुभारंभ समाहरणालय सभागार, बेतिया में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के वर्चुअल उद्घाटन समारोह के लाइव वेबकास्ट में जिलास्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सहभागिता की।

IMG 20260910 WA0021

राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस दौरान जिले में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने तथा समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

IMG 20260910 WA0023

इस अवसर पर डीपीओ आईसीडीएस श्रीमती कविता रानी सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

डीपीओ आईसीडीएस श्रीमती कविता रानी ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य उपयुक्त स्थलों पर पोषण से संबंधित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका हुआ भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण, प्रारंभिक उद्दीपन एवं शिक्षा तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए नकद अंतरण जैसे विषयों पर विशेष गतिविधियां शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पोषण माह के दौरान पोषण रैली, प्रभातफेरी, वृक्षारोपण, समुदाय आधारित गतिविधियां, अन्नप्राशन, गोद भराई, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा दिवस, रेसिपी प्रतियोगिता तथा पोषण परामर्श केंद्र सहित विभिन्न जागरूकता एवं सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पोषण माह का उद्देश्य केवल पोषण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि परिवार एवं समुदाय को बेहतर पोषण व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए अधिकाधिक लाभार्थियों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

Trending News