Bihar News : पुरानी आपसी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, मां गंभीर घायल
संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। नौतन थाना क्षेत्र में पुरानी आपसी रंजिश को लेकर लाठी-डंडे से पीट-पीटकर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का इलाज जीएमसीएच, बेतिया में चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात नौतन थाना क्षेत्र के मड़वाहा वार्ड नंबर 13 निवासी मुकेश यादव (पिता सिपाही यादव) पर लाठी-डंडे से हमला किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। वहीं, उनकी मां भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का इलाज जीएमसीएच, बेतिया में कराया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना का कारण पुराना आपसी विवाद है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है।
बताया जाता है कि मृतक की शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती बताई जा रही है।