Bihar News : राजापाकर में राजमिस्त्रियों को दिया जा रहा भूकंपरोधी भवन निर्माण का प्रशिक्षण

WhatsApp Image 2026-08-29 at 4.56.28 PM
Share News

10 दिवसीय प्रशिक्षण में 30 राजमिस्त्री ले रहे भाग, परीक्षा के बाद मिलेगा सेफ्टी किट और प्रमाणपत्र

संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली। प्रखंड कार्यालय राजापाकर के सभागार में आपदा विभाग की ओर से प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के राजमिस्त्रियों को भूकंपरोधी भवन निर्माण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर में राजमिस्त्रियों को सुरक्षित एवं मजबूत भवन निर्माण की तकनीक के साथ-साथ आपदा के दौरान भवनों को सुरक्षित रखने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण शिविर के मास्टर ट्रेनर मनीष कुमार सिंह ने बताया कि यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 अगस्त से शुरू हुआ है और 4 सितंबर को समाप्त होगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद दो दिनों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सफल राजमिस्त्रियों को आपदा विभाग की ओर से सेफ्टी किट उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें जूता, हेलमेट, हथौड़ा, करनी, बसुली, साहुल सहित आवश्यक उपकरण शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से 30 राजमिस्त्री भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षण अवधि के लिए ₹700 प्रतिदिन की दर से 10 दिनों का ₹7,000 मानदेय भी दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर मनीष कुमार सिंह ने राजमिस्त्रियों को भवन निर्माण से पहले लेआउट तैयार करने और भूमि की जांच के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार भूकंप के किस जोन में आता है, इसके अनुसार भवन निर्माण की तकनीक अपनाई जानी चाहिए। भवन निर्माण से पहले भूमि की जांच जरूरी है। यदि जमीन दलदली है तो उस पर भवन निर्माण नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही भवन निर्माण वाली जमीन की मिट्टी की जांच भी आवश्यक है।

राजमिस्त्रियों को बताया गया कि भवन निर्माण का कार्य निर्धारित ड्राइंग एवं डिजाइन के अनुसार किया जाना चाहिए। कार्य के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया, ताकि निर्माण स्थल पर राजमिस्त्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

प्रशिक्षण में 50 से 60 वर्ष पुराने भवनों की मरम्मत एवं मजबूतीकरण से संबंधित तकनीकों की जानकारी भी दी गई। आपदा विभाग की ओर से सभी राजमिस्त्रियों को एक पुस्तक भी उपलब्ध कराई गई, जिसमें भूकंपरोधी भवन निर्माण से संबंधित आवश्यक तकनीकी जानकारी दी गई है।

मौके पर मास्टर ट्रेनर मनीष कुमार सिंह के अलावा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे राजमिस्त्रियों में अजय राय, शिवराज कुमार, अशोक कुमार दास, संजीव राम, राजेश राय, अमरनाथ कुमार, रोशन कुमार, चंद्रलोक कुमार एवं देवाशीष कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Trending News