Agra News :प्रिल्यूड में अभिक्षेत्र-चैप्टर 5 का फिनाले, सेंट एंड्र्यूज पब्लिक स्कूल ने जीती रोलिंग ट्रॉफी

IMG-20260823-WA0057
Share News

आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में विद्यालय के संस्थापक शिक्षकों में से एक स्वर्गीय श्री अभिषेक मिश्रा के संगीत के प्रति समर्पण को श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित दो दिवसीय अंतर्विद्यालयी संगीत प्रतियोगिता ‘अभिक्षेत्र-चैप्टर 5’ का शनिवार को भव्य समापन हुआ। 22 और 23 अगस्त को आयोजित प्रतियोगिता में आगरा के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभागिता कर अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता को ‘स्वरांजलि’ और ‘नाद’ दो भागों में आयोजित किया गया। पहले दिन स्वरांजलि में 17 में से 9 और नाद में 13 में से 7 विद्यालयों ने फाइनल राउंड के लिए स्थान बनाया। फाइनल में चयनित प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया।

IMG 20260823 WA0057 1

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संगीत जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल रहीं। इनमें डॉ. शोभी माथुर, स्वर कोकिला, प्रख्यात शास्त्रीय एवं सुगम संगीत साधिका, शिक्षाविद्, शोधकर्ता एवं आकाशवाणी की हाई ग्रेड आर्टिस्ट; श्री क्रिस्टी लाल, प्रख्यात संगीतज्ञ, संगीतकार एवं अनुभवी निर्णायक; डॉ. मंजरी शुक्ला, प्रभाकर उपाधि प्राप्त प्रख्यात संगीत साधिका एवं शिक्षाविद् तथा श्री भीमसेन शिरोमणि, प्रख्यात संगीत साधक एवं ड्रमर शामिल रहे।

नाद में अनमोल शर्मा प्रथम
‘नाद’ प्रतियोगिता में सेंट सी.एफ. एंड्र्यूज के अनमोल शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेंट एंड्र्यूज पब्लिक स्कूल के अक्ष यादव द्वितीय और गायत्री पब्लिक स्कूल यूनिट-1 के मयंक सिंह तृतीय स्थान पर रहे।

IMG 20260823 WA0053

स्वरांजलि में सेंट एंड्र्यूज की टीम अव्वल
‘स्वरांजलि’ प्रतियोगिता में सेंट एंड्र्यूज पब्लिक स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम में गुनिका गुप्ता, काव्या गोलानी, प्रखर चौधरी एवं श्री अमन शर्मा शामिल रहे।

ऑल सेंट्स स्कूल की टीम में निपुर्धा सिंह, कनक मुखरिया, वैष्णवी दुबे एवं श्री संतोष कपूर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं गायत्री पब्लिक स्कूल यूनिट-1 की टीम, जिसमें रिद्धिमा सिंह, अभिषेक शर्मा, रियांश राठौर एवं श्री प्रिंस सोलंकी शामिल रहे, तृतीय स्थान पर रही।

दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सेंट एंड्र्यूज पब्लिक स्कूल को ‘रोलिंग ट्रॉफी’ का विजेता घोषित किया गया।
इसके अलावा नाद प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सेंट एंड्र्यूज पब्लिक स्कूल के प्रतिभागी अक्ष यादव को स्वर्गीय श्री अभिषेक मिश्रा की धर्मपत्नी श्रीमती कंवलजीत कौर की ओर से विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।

ड्रम प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान निर्णायक मंडल के सदस्य श्री भीमसेन शिरोमणि ने मनमोहक और ऊर्जावान ड्रम प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी शानदार प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

IMG 20260823 WA00651

विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि ‘अभिक्षेत्र’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वर्गीय श्री अभिषेक मिश्रा की संगीत साधना को श्रद्धांजलि देते हुए युवा संगीत प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और उन्हें आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमापूर्ण मंच संचालन आरोही, गौरी, अंशराज एवं अनन्या ने किया। कार्यक्रम में सुनीता गुप्ता, शुभांजलि पालीवाल, कंवलप्रीत कौर और गीता बैजल, सीमा सहजपाल सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।