Bihar News: राजापाकर के फरीदपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, दिवंगत CRPF जवान पिंटू कुमार के परिजनों से मिले
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार | राजापाकर, वैशाली
राजापाकर। बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी दिवंगत CRPF जवान पिंटू कुमार के घर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पहुंचे। उन्होंने दिवंगत जवान के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
केंद्रीय मंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में सरकार और वे स्वयं परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर से परिवार के लिए जो भी संभव मदद होगी, उसे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग
मुलाकात के दौरान परिजनों ने दिवंगत पिंटू कुमार की पत्नी को बिहार सरकार में नौकरी देने की मांग केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी। इस पर चिराग पासवान ने मौके पर मौजूद महुआ एसडीएम से दिवंगत जवान की पत्नी और बच्चों के जीवन-यापन को ध्यान में रखते हुए नौकरी से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया तत्काल शुरू कराने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इसके लिए जो भी प्रक्रिया आवश्यक हो, उसे पूरा कर इसकी जानकारी उन्हें उपलब्ध कराई जाए।
2016 में CRPF में भर्ती हुए थे पिंटू कुमार
बताया गया कि पिंटू कुमार वर्ष 2016 में CRPF में भर्ती हुए थे और वर्तमान में उनकी तैनाती झारखंड के चाईबासा में थी। बीते 28 जुलाई को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। इसके बाद 30 जुलाई को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के बाद हाजीपुर के कोनहारा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
अमन कुमार के परिजनों से भी मिले चिराग पासवान
दिवंगत जवान पिंटू कुमार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए बखरी सुपायन गांव निवासी फकिरा राय के पुत्र अमन कुमार की भी गंगा नदी में स्नान करने के दौरान डूबने से मौत हो गई थी।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अमन कुमार के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने अमन कुमार के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
इस दौरान एमएलसी अशरफ अंसारी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला अध्यक्ष संजीव सिंह, राजापाकर प्रखंड अध्यक्ष मुकेश पटेल, वरिष्ठ नेता अवधेश सिंह, गौरी शंकर पासवान, संजय पासवान, शत्रुघ्न सिंह, अविनाश शर्मा, कमलेश पासवान, विनोद पासवान, मनोज पासवान, महिला सेल की जिला अध्यक्ष रिंकू कुमारी, नेत्री संगीता सिंह, वर्षा कुमारी, अमरजीत कुमार सिंह, राजीव कुमार (आर्मी) सहित सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।