संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिम चंपारण।
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB) और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने 11.02 किलो गांजा एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की है। हालांकि, तस्कर सुरक्षा बलों को देखते ही मोटरसाइकिल और गांजा छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, नरकटियागंज के कार्यक्षेत्र अंतर्गत बी समवाय नगरदेही में सूचना के आधार पर संयुक्त रात्रि नाका लगाया गया था। रात करीब 8 बजे अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 423/7 से लगभग 30 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में SSB के सहायक उप निरीक्षक/सामान्य अश्वनी कुमार के नेतृत्व में SSB एवं बिहार पुलिस की टीम निगरानी कर रही थी।
इसी दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से नेपाल की ओर से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करता दिखाई दिया। कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद उसे नाका लगाए जाने का एहसास हुआ। सुरक्षा बलों को देखते ही वह मोटरसाइकिल और उस पर लदा सामान छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर सामान की जांच की तो एक बोरी के अंदर एक बड़ा पैकेट मिला। जांच के दौरान पैकेट से करीब 11.02 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
घटना की सूचना तत्काल समवाय प्रभारी को दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद गांजा नेपाल से भारत लाकर बिक्री करने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
बरामद गांजा एवं मोटरसाइकिल को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भंगहा थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस द्वारा फरार तस्कर की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ SSB एवं स्थानीय पुलिस द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों की सक्रियता से भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।