संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चम्पारण।
जिला पदाधिकारी, पश्चिमी चम्पारण, बेतिया के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक श्रीमती सीमा चौरसिया के नेतृत्व में जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए आठ शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया तथा भारी मात्रा में देशी एवं विदेशी शराब बरामद की।

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि विशेष अभियान के तहत चनपटिया थाना क्षेत्र के चनपटिया घाट पुरैना तथा चिउटाहां थाना क्षेत्र के चिउटाहां नहर सहित अन्य हॉटस्पॉट क्षेत्रों में ड्रोन एवं स्निफर डॉग की मदद से छापेमारी की गई। इस दौरान लगभग 2,980 किलोग्राम जावा-गुड़ का घोल तथा 327 लीटर अवैध चुलाई शराब मौके पर ही विनष्ट कर दी गई।
गुप्त सूचना के आधार पर श्रीनगर थाना क्षेत्र के रनहा सुरुजपुर के समीप एक झोपड़ी में छिपाकर रखी गई बंटी-बबली लाइम ब्रांड की 90 लीटर देशी शराब बरामद की गई। शराब को जब्त कर मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत उत्पाद थाना बेतिया कांड संख्या 1340/26 दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसी प्रकार रामनगर थाना क्षेत्र के पुरंदरपुर गांव के समीप वाहन जांच के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से किंगफिशर ब्रांड की 456 लीटर बीयर बरामद की गई। चालक मौके से फरार हो गया। इस मामले में उत्पाद थाना बगहा कांड संख्या 1165/26 दर्ज कर जांच की जा रही है।
पटखौली थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक बोलेरो वाहन से विकास कुमार (उम्र 25 वर्ष), पिता राजेश्वर प्रसाद, निवासी बेनीपुर, थाना केसरिया, जिला पूर्वी चम्पारण को गिरफ्तार किया गया। वाहन से 8 PM एवं Officer’s Choice ब्रांड की कुल 125.820 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इस संबंध में उत्पाद थाना बगहा कांड संख्या 1166/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, नौरंगिया थाना क्षेत्र के मदनपुर चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से 8 PM ब्रांड की कुल 16.56 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। दोनों मामलों में चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। इस संबंध में उत्पाद थाना बगहा कांड संख्या 1163/26 एवं 1169/26 दर्ज की गई है।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि अभियान के दौरान बेतिया, नरकटियागंज एवं बगहा अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा-37 के तहत कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।