संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजकीय मध्य विद्यालय बेलकुंडा में विशिष्ट शिक्षक प्रमोद कुमार के कुशल नेतृत्व एवं प्रधानाध्यापक अजीत कुमार के मार्गदर्शन में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का सफल संचालन किया जा रहा है।

विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से ‘वृक्ष लगाओ, वृक्ष बचाओ’ अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। वहीं, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने एवं उनके सशक्तिकरण के लिए छात्राओं के नाम पर पौधरोपण भी किया जा रहा है। विद्यालय को चाइल्ड फ्रेंडली एवं इको फ्रेंडली बनाने में विशिष्ट शिक्षक प्रमोद कुमार की महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका रही है।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अजीत कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।

विशिष्ट शिक्षक प्रमोद कुमार ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को वृक्ष लगाने, उनकी सुरक्षा करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई।
वृक्षारोपण अभियान में बाल संसद, इको क्लब, मीना मंच, स्काउट एवं गाइड के सदस्यों के साथ-साथ शिक्षिका सीमा कुमारी, शिक्षक शशिकांत चतुर्वेदी, मनोज कुमार तथा विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।