संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
प्रखंड के बाकरपुर पंचायत स्थित सैकड़ों वर्ष पुराने कुलदेवता मंदिर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को वार्षिक पूजा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई।
पूजा का आयोजन पूर्व मुखिया दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में परिवार, रिश्तेदारों, इष्ट-मित्रों एवं ग्रामीणों के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल रहा, जहां सभी जाति एवं वर्ग के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य पंडित रमेश पांडेय ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर की जाने वाली यह पूजा दैहिक, दैविक एवं भौतिक कष्टों से मुक्ति तथा सुख, शांति और समृद्धि की कामना का प्रतीक है।
कार्यक्रम में धार्मिक न्यास परिषद के रवीन्द्र कुमार रतन, अभय सिन्हा, प्रकाश रंजन, आदित्य सिन्हा, अजय वर्मा, सत्यप्रकाश वर्मा, डॉ. रवीन्द्र सिंह, गुड्डू राय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व मुखिया दीपक कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी से भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया।