Bihar News: सरसई पोखर शिव मंदिर में श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर बैठक, प्रशासन और ट्रस्ट ने बनाई कार्ययोजना

IMG-20260730-WA0032
Share News

संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।

प्रखंड क्षेत्र के ऐतिहासिक सरसई पोखर शिव मंदिर परिसर में आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर गुरुवार को आध्यात्मिक चेतना समिति ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने की। इस दौरान स्थानीय प्रशासन एवं ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के बीच मेले की समुचित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

IMG 20260730 WA0031

बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं, विधि-व्यवस्था, स्वच्छता, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बीडीओ ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रावणी मेला के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

IMG 20260730 WA0032

बैठक में थाना प्रभारी संजीव कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों पर अपने सुझाव दिए।

आध्यात्मिक चेतना समिति ट्रस्ट की ओर से मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन से आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया गया।
बैठक में मंदिर समिति के अध्यक्ष ब्रजनंदन शर्मा, कोषाध्यक्ष नीरज शर्मा, सचिव अरविंद शर्मा, शिवनंदन पासवान, विनोद शर्मा, दुर्गा देवी सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और आध्यात्मिक चेतना समिति ट्रस्ट संयुक्त रूप से कार्य करेंगे, ताकि दूर-दराज से आने वाले लाखों शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Trending News