Bihar News : बैकुंठपुर में बंद घर से 50 वर्षीय व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

IMG-20260729-WA0026
Share News

संवाददाता : राजेन्द्र कुमार

राजापाकर, वैशाली। थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव में मंगलवार को एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके बंद घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

IMG 20260729 WA0026

जानकारी के अनुसार, कई दिनों से घर बंद होने के कारण जब अंदर से तेज दुर्गंध आने लगी तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना राजापाकर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में घर का दरवाजा खुलवाया। घर के अंदर एक व्यक्ति का शव रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिससे आसपास दुर्गंध फैल गई थी।

मृतक की पहचान बैकुंठपुर निवासी गरीबन पासवान (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय जगरनाथ पासवान, के रूप में हुई। वह फेरी लगाकर ब्रेड बेचकर अपना जीविकोपार्जन करते थे तथा गांव में अकेले रहते थे।

परिजनों के अनुसार, मृतक के चार पुत्र और एक पुत्री हैं। दो पुत्र बेंगलुरु में निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि दो पुत्र महुआ प्रखंड के मरीचा गांव में कोचिंग संस्थान संचालित करते हैं। पुत्री का विवाह हो चुका है। चारों पुत्रों की भी शादी हो चुकी है और वे अपने-अपने परिवार के साथ बाहर रहते हैं। मृतक गांव स्थित अपने घर में अकेले रहते थे।

बताया जाता है कि लगभग दो वर्ष पूर्व उनकी पत्नी ने घरेलू विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक पिछले दो-तीन दिनों से गांव में दिखाई नहीं दे रहे थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मामले में अपर थाना अध्यक्ष संदीप मंडल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला है और काफी दिनों से पड़े रहने के कारण सड़ने लगा था। उन्होंने कहा कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता विशेष पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Trending News