Bihar News: बनघारा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय में भवन संकट का मामला विधानसभा पहुंचा, विधायक महेंद्र राम ने उठाई अतिरिक्त भवन निर्माण की मांग

IMG-20260724-WA0028
Share News

संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।

राजापाकर प्रखंड की राजापाकर दक्षिणी पंचायत स्थित बनघारा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय में लंबे समय से बने भवन संकट का मामला अब बिहार विधानसभा तक पहुंच गया है। स्थानीय विधायक महेंद्र राम ने गुरुवार को विधानसभा के शून्यकाल के दौरान इस गंभीर समस्या को उठाते हुए सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया।

IMG 20260724 WA0028

विधायक महेंद्र राम ने सदन में कहा कि विद्यालय में पर्याप्त भवन और कक्षों का अभाव है, जिसके कारण कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में केवल दो कमरों में 9वीं से 12वीं तक की सभी कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। इससे छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और शिक्षण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

उन्होंने सरकार से विद्यालय में अतिरिक्त भवन एवं नए कक्षों के निर्माण की मांग करते हुए कहा कि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि बनघारा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय में भवन की कमी का मुद्दा लंबे समय से स्थानीय लोगों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाया जाता रहा है। क्षेत्रवासियों ने कई बार विद्यालय के लिए अतिरिक्त भवन निर्माण की मांग की है।

अब विधायक द्वारा इस मुद्दे को विधानसभा में उठाए जाने के बाद पंचायतवासियों में उम्मीद जगी है कि सरकार जल्द ही आवश्यक कार्रवाई करेगी। यदि अतिरिक्त भवन का निर्माण होता है, तो क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।

Trending News