संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजापाकर स्थित केसीआई विद्यालय के स्थापना के 15 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को विद्यालय परिसर में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ श्री सत्यनारायण भगवान की पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नव विकसित हाईटेक कार्यालय एवं स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि विवेकानंद विद्यालय, घोषवर के निदेशक एवं शिक्षाविद् संदीप कुमार सिंह, केसीआई विद्यालय के निदेशक सत्य प्रकाश सिंह, न्यूटन क्लासेस के निदेशक अमरनाथ चौहान तथा भाजपा नेता गुड्डू सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नई सुविधाओं का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि संदीप कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का समावेश आवश्यक है। स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता एवं रुचि दोनों में वृद्धि होगी। उन्होंने विद्यालय परिवार को 15 वर्ष की सफल शैक्षणिक यात्रा के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के निदेशक सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि संस्थान की स्थापना से लेकर अब तक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। बदलते समय के अनुरूप आधुनिक शिक्षण व्यवस्था विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में श्री सत्यनारायण भगवान की आरती की गई तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की सचिव चंदा देवी, व्यवस्थापक राम नरेश सिंह, बजरंग प्रसाद सिंह, गुड्डू सिंह, भोलानाथ सिंह, मुन्ना सिंह, गुंजन सिंह, सुनील सिंह, रागिनी कुमारी, चंचला सिंह, शालिनी राय, जवाहर राय, लक्ष्य भारत, सच्चिदानंद, राम मनोहर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग, विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।