संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत लौकरिया थाना क्षेत्र के हरनाटांड़ स्थित एक निजी विद्यालय-सह-छात्रावास में रह रहे 10 वर्षीय छात्र की शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय के दो शिक्षकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों आरोपित शिक्षकों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी कर्माहा टोला (वार्ड संख्या-15) निवासी राज किशोर शर्मा के 10 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। प्रिंस दूसरी कक्षा का छात्र था और छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता गुजरात में मजदूरी करते हैं।
मृतक के दादा गोपाल शर्मा ने बताया कि शुक्रवार तड़के विद्यालय संचालक हरेंद्र महतो ने फोन कर सूचना दी कि प्रिंस की तबीयत गंभीर है। सूचना मिलने पर परिजन विद्यालय पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि बच्चे को इलाज के लिए हरनाटांड़ उप स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बताया कि छात्र को मृत अवस्था में लाया गया था।
परिजनों का आरोप है कि जब वे शव को विद्यालय परिसर लेकर पहुंचे और छात्रावास में रहने वाले अन्य बच्चों से जानकारी ली, तो पता चला कि गुरुवार शाम शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार ने प्रिंस के साथ मारपीट की थी। परिजनों ने यह भी दावा किया कि बच्चे के शरीर, विशेषकर आंख और पीठ पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार तथा फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया।
रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत होता है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और विस्तृत पूछताछ के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने नामजद आरोपी शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है, जबकि विद्यालय के अन्य कर्मचारियों से भी मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।