संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजापाकर अंचल एवं प्रखंड कार्यालय में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी, राजस्व कर्मियों और पंचायत सचिवों सहित कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंचलाधिकारी गौरव कुमार का स्थानांतरण रोहतास कर दिया गया है। वहीं निशा यादव, जो वर्तमान में जिला बंदोबस्त कार्यालय में पदस्थापित हैं, राजापाकर की नई अंचलाधिकारी (सीओ) होंगी।
अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व पदाधिकारी जुली कुमारी का भी तबादला नवादा में अंचलाधिकारी के पद पर किया गया है।
इसके अलावा राजस्व कर्मी अमित कुमार, मुनाजिर हुसैन, बलबीर कुमार, सूरज कुमार और प्रियव्रत कुमार का भी जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थानांतरण किया गया है।
वहीं पंचायत सचिव दिलीप कुमार, सुमित कुमार और गोपाल शर्मा का भी तबादला किया गया है। दिलीप कुमार एवं सुमित कुमार को हाजीपुर प्रखंड, जबकि गोपाल शर्मा को वैशाली प्रखंड में पदस्थापित किया गया है।
गौरतलब है कि राजापाकर प्रखंड की 13 पंचायतों का कार्य अब तक केवल तीन पंचायत सचिवों के सहारे संचालित हो रहा था। ऐसे में इस तबादले के बाद पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नई चुनौतियां और व्यवस्थाएं सामने आ सकती हैं।