संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार रविवार को राजापाकर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में पूर्व में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा आगामी वित्तीय वर्ष के लिए नई योजनाओं के प्रस्ताव आम जनता से प्राप्त किए गए।

राजापाकर उत्तरी पंचायत के पंचायत भवन परिसर में मुखिया सरिता पटेल की अध्यक्षता में ग्राम सभा आयोजित हुई। बैठक में पंचायत के सभी वार्ड सदस्य, पंचायत कर्मी, ग्रामीण एवं नोडल पदाधिकारी के रूप में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक रौनी कुमार उपस्थित रहे। मुखिया ने पंचायत में पूर्व में स्वीकृत एवं पूर्ण की गई योजनाओं की जानकारी दी तथा ग्रामीणों से नई विकास योजनाओं के सुझाव प्राप्त कर उन्हें रजिस्टर में दर्ज कराया गया।
इसी प्रकार राजापाकर दक्षिणी पंचायत के पंचायत भवन में मुखिया प्रमिला देवी की अध्यक्षता में ग्राम सभा आयोजित हुई। बैठक में पंचायत सचिव सुमीत कुमार नोडल पदाधिकारी के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान पंचायत में संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई तथा नई विकास योजनाओं के प्रस्ताव दर्ज किए गए।
मीरपुर पतार पंचायत में मुखिया गीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा में पंचायत में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि रामपुरानी गांव में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा विभिन्न वार्डों में पीसीसी सड़क निर्माण कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने भी अपने-अपने वार्ड की आवश्यकताओं के अनुरूप नई योजनाओं के प्रस्ताव रजिस्टर में दर्ज कराए, जिन्हें आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत भवन अथवा पंचायत सरकार भवन में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीण अपनी आवश्यकताओं और विकास संबंधी प्रस्ताव सीधे पंचायत के समक्ष रख सकेंगे, जिन्हें नियमानुसार अंतिम रूप देकर विकास योजनाओं में शामिल किया जाएगा।