Bihar News: राजापाकर की पंचायतों में पंचायत विकास दिवस पर नशामुक्ति और महिला सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता अभियान

IMG-20260628-WA0023
Share News

संवाददाता: राजेन्द्र कुमार

राजापाकर, वैशाली।

जिला पदाधिकारी, वैशाली के निर्देशानुसार रविवार को राजापाकर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में पंचायत विकास दिवस के अवसर पर मद्यनिषेध एवं महिला सशक्तिकरण विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में जीविका दीदियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीण महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

IMG 20260628 WA0023 19

इस दौरान उपस्थित लोगों को शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि मद्यपान समाज के लिए कैंसर की तरह है, जो परिवार और समाज दोनों को खोखला करता है। सभी लोगों से स्वयं नशा न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।

जीविका दीदियों ने नशामुक्ति के समर्थन में जागरूकता रैली निकालते हुए विभिन्न नारे लगाए। इनमें “नशे का जो हुआ शिकार, उसका उजड़ा घर-परिवार”, “नशा को दूर भगाएंगे, घर-घर खुशहाली लाएंगे” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया।

ग्राम सभा में महिला सशक्तिकरण पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा, रोजगार एवं स्थानीय निकायों में आरक्षण जैसी पहल से महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को भी बेटों के समान शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।

कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

इस अवसर पर पिंकी कुमारी, शीला देवी, सरस्वती देवी, आभा देवी, निभा देवी, सुमन कुमारी, प्रमिला देवी, रीता देवी, शांति देवी, निर्मला कुमारी, आरती कुमारी, काजल कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Trending News