संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित पंचायत विकास दिवस के प्रथम आयोजन को सफल बनाने में जीविका दीदियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस माह की थीम “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” के अनुरूप जिले की विभिन्न पंचायतों में सामाजिक जागरूकता एवं नशामुक्ति को लेकर व्यापक अभियान चलाया गया।

पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जीविका दीदियों ने मद्यनिषेध एवं नशामुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, रंगोली प्रतियोगिता, शपथ ग्रहण कार्यक्रम तथा जनसंवाद का आयोजन किया। उन्होंने गांव-गांव जाकर शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों पर नशामुक्ति संबंधी पोस्टर और स्लोगन प्रदर्शित किए गए। “नशे का जो हुआ शिकार, उसका उजड़ा घर-परिवार”, “नशा छोड़ो, परिवार जोड़ो” तथा “स्वस्थ समाज की यही पहचान, नशामुक्त हो हर इंसान” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
जीविका दीदियों ने ग्रामीणों को यह भी जानकारी दी कि शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन, उत्पादन या अवैध कारोबार से संबंधित सूचना सरकार द्वारा जारी टोल-फ्री नंबर पर दी जा सकती है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी ने यह साबित किया कि वे केवल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, नशामुक्त बिहार और महिला हितैषी पंचायतों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।