Etawah News: आजाद समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव बलबीर सिंह जाटव ने दिया इस्तीफा, प्रदेश अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

221f5a6b-9b28-4805-89bd-20c0ed68b950
Share News

ब्यूरो संवाददाता 

इटावा : आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पूर्व प्रदेश सचिव बलबीर सिंह जाटव ने पार्टी से इस्तीफा देकर संगठन के भीतर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। अपने इस्तीफे में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पर संगठन में पदों के बदले धन लेने, कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

बलबीर सिंह जाटव का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक पार्टी और बहुजन आंदोलन के लिए निष्ठापूर्वक कार्य किया, लेकिन संगठन में समर्पित कार्यकर्ताओं की बजाय आर्थिक आधार पर पद बांटे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को महत्व नहीं दिया जा रहा, जिससे संगठन की मूल विचारधारा प्रभावित हो रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि संगठन में अपनी बात रखने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जाती है और निर्णय पारदर्शी तरीके से नहीं लिए जाते। इन परिस्थितियों में उन्होंने पार्टी के सभी दायित्वों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।

वहीं, दूसरी ओर पार्टी की ओर से भी बलबीर सिंह जाटव को अनुशासनहीनता एवं पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए पद से हटाए जाने संबंधी सूचना सोशल मीडिया पर साझा की गई है।

फिलहाल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष या शीर्ष नेतृत्व की ओर से बलबीर सिंह जाटव द्वारा लगाए गए आरोपों पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

Trending News