ब्यूरो संवाददाता
इटावा: भारत विकास परिषद, इटावा की तुलसी शाखा द्वारा समाज सेवा एवं जनकल्याण की भावना को साकार करते हुए विजय नगर स्थित मंगलम क्लीनिक में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सूरज प्रकाश की जयंती के पावन अवसर पर निःशुल्क ओपीडी का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा समाज में सेवा और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देना रहा।

इस अवसर पर डॉ. अनुराग श्रीवास्तव एवं श्रीमती गीता श्रीवास्तव के सहयोग से मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। शिविर में दो दर्जन से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह प्राप्त की। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जलपान की भी समुचित व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। ऐसे सेवा कार्य न केवल जरूरतमंद लोगों को राहत प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और मानव सेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं। भारत विकास परिषद द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं और भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता, अत्रि पांडेय, अजय सिंह बैस, मंजू सिंह एवं पंकज कुमार सिंह चौहान सहित भारत विकास परिषद तुलसी शाखा के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों एवं चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए जनसेवा के ऐसे कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।