संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
चकबरुआ, वैशाली।
बरांटी थाना क्षेत्र के चकबरुआ गांव निवासी जवाहर राय ने विदुपुर स्टेशन स्थित अपनी आम की गद्दी पर मारपीट एवं लूटपाट का आरोप लगाते हुए बरांटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शनिवार को दिन के लगभग 3 बजे उनके दोनों पुत्र रंजन कुमार और धीरज कुमार विदुपुर स्टेशन स्थित आम की गद्दी के काउंटर पर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान बालाटार गांव निवासी अमन कुमार सहित 7–8 लोगों ने एक साथ दुकान पर हमला कर दिया।
आवेदन में कहा गया है कि घटना से पहले अमन कुमार ने मोबाइल पर फोन कर आम के संबंध में जानकारी ली और दोनों बेटों के बारे में पूछताछ की थी। इसके कुछ देर बाद आरोपित अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और कथित रूप से लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में रंजन कुमार और धीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर में भर्ती कराया।
प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावर दुकान के काउंटर में रखे 16,650 रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
नोट: यह समाचार प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।