संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिम चंपारण।
शिकारपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, एक नाबालिग लड़की और उसके प्रेमी ने कथित तौर पर अपने संबंधों का राज खुलने के डर से मिलकर किशोरी की हत्या कर दी थी। मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोरी को अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बताया कि 21 जून 2026 को अमृता देवी ने शिकारपुर थाना में अपनी 15 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनकी पुत्री 20 जून को पड़ोस की एक नाबालिग लड़की के साथ घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी।
मामले की जांच के दौरान 21 जून की सुबह अमवा टोला सरेह स्थित गन्ने के खेत से एक किशोरी का शव बरामद हुआ। बाद में शव की पहचान खुशी कुमारी के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नरकटियागंज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, आसूचना संकलन और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर मामले का खुलासा किया गया। जांच में सामने आया कि मृतका को एक नाबालिग लड़की के प्रेम संबंधों और उसकी बड़ी बहन से जुड़े कुछ निजी मामलों की जानकारी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
पुलिस का दावा है कि मृतका द्वारा कथित रूप से कुछ निजी जानकारियां सार्वजनिक करने की धमकी दिए जाने के बाद नाबालिग लड़की ने अपने प्रेमी निरंजन कुमार के साथ मिलकर साजिश रची। आरोप है कि मृतका को बातचीत के बहाने सुनसान गन्ने के खेत में बुलाया गया, जहां उसका मुंह और गला दबाकर हत्या कर दी गई।
मामले में पुलिस ने आरोपी निरंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही एक विधि-विरुद्ध किशोरी को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने जांच के दौरान एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।