संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।
जीएमसीएच बेतिया में पत्रकारों के साथ कथित मारपीट एवं मोबाइल छीनने की घटना को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिमी चंपारण के जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें छह सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच टीम गठित करने, अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने तथा दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
पत्रकारों ने घटना के समय उपस्थित अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. डी.के. मिश्रा एवं डॉ. राजेश कुमार की भूमिका और कथित संलिप्तता की जांच कर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की भी मांग की है। इसके अतिरिक्त नगर थाना अध्यक्ष की भूमिका की जांच कर उनके विरुद्ध भी उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई गई।
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद पत्रकारों ने नवागत पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर ज्ञापन की प्रति सौंपी और नगर थाना अध्यक्ष की भूमिका की जांच कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में पत्रकार कृष्णकांत मिश्रा, सुधीर कुमार, गणेश वर्मा, मोहन सिंह, किशोर तिवारी, शकील अहमद, रोहित पाठक, सुमित कुमार, मनोज गुप्ता, विनोद गुप्ता एवं संतोष कुमार सहित अन्य पत्रकार शामिल थे।