संवाददाता: मनोज कुमार
जसवंतनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम कैस्त निवासी एनीमिया से पीड़ित बालिका शिखा की सहायता के लिए जसवंतनगर पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए रक्तदान कर सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया। सोशल मीडिया के माध्यम से बालिका के लिए रक्त की आवश्यकता की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बालिका के पिता सज्जन कुमार से संपर्क किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी कमल भाटी के निर्देशन में उपनिरीक्षक शुभम वर्मा, कांस्टेबल अवनीश कुमार तथा महिला आरक्षी विनीता शिवहरे एवं संगम कुमारी सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां पुलिस टीम के सदस्यों ने बालिका के उपचार हेतु चार यूनिट रक्तदान किया, जिससे परिजनों को बड़ी राहत मिली। साथ ही भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर भी हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत की गई इस मानवीय पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस संवेदनशील और सहयोगात्मक रवैये की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। वहीं बालिका के परिजनों ने संकट की घड़ी में मिली इस सहायता के लिए जसवंतनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
थाना प्रभारी कमल भाटी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद बेटियों और महिलाओं को हर संभव सहायता प्रदान करना भी है। उन्होंने लोगों से रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है, इससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है।”