Bihar News: बैकुंठपुर और राजापाकर उत्तरी पंचायत में कृषि चौपाल का आयोजन, किसानों को दी गई योजनाओं की जानकारी

IMG-20260619-WA0004
Share News

संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।

कृषि विभाग द्वारा प्रखंड क्षेत्र की बैकुंठपुर एवं राजापाकर उत्तरी पंचायत में कृषि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा सरकारी अनुदान संबंधी जानकारी प्रदान की गई।

IMG 20260619 WA0004

प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य ने बताया कि बैकुंठपुर पंचायत के रामपुर दिलावर गांव में मनोज मिश्रा के आवास के समीप तथा राजापाकर उत्तरी पंचायत के बसरा स्थित किसान भवन में कृषि चौपाल आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड तकनीकी प्रबंधक रौनी कुमार ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जो किसान अभी तक किसान रजिस्ट्रेशन नहीं करा सके हैं, वे अपने पंचायत के कृषि सलाहकार से संपर्क कर जल्द रजिस्ट्रेशन करा लें, अन्यथा वे कृषि विभाग की योजनाओं के तहत मिलने वाले अनुदान एवं अन्य लाभों से वंचित रह सकते हैं।

किसानों को मिट्टी की जांच कराने के बाद ही खेती करने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मिट्टी परीक्षण से आवश्यक पोषक तत्वों की जानकारी मिलती है, जिससे कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही रासायनिक खाद के बजाय जैविक खाद और जैविक खेती को अपनाने पर जोर दिया गया, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहती है और उत्पादन लागत कम होती है।

कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत किसानों को बिहार कृषि ऐप पर ऑनलाइन आवेदन करने की जानकारी दी गई। बताया गया कि आवेदन करने पर कृषि उपकरण अनुदान के साथ उपलब्ध कराए जाते हैं।

कृषि सलाहकार रामदयाल कुमार ने किसानों को बीज उपचार के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बीज बोने से पहले उसका उपचार करने से फसल कीटों और रोगों से सुरक्षित रहती है तथा बेहतर उत्पादन मिलता है।

कार्यक्रम में एक एकड़ भूमि वाले किसानों को बोरिंग स्थापना पर 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई। पात्र किसानों को ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर जिले से आए नोडल पदाधिकारी एवं सहायक अनुसंधान पदाधिकारी (मिट्टी जांच प्रयोगशाला, हाजीपुर) अरविंद रविदास, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य, कृषि सलाहकार संजीव कुमार, रामदयाल कुमार, कृषि समन्वयक वीरेंद्र कुमार, विपिन कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Trending News