Bihar News: सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों के खातों में डीबीटी से 39.14 करोड़ रुपये हस्तांतरित

IMG-20260610-WA0008
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह

बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पेंशनधारियों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा लाभुकों के खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से मासिक पेंशन राशि हस्तांतरित की गई।

IMG 20260610 WA0009 2

इस अवसर पर मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के लाभुकों के खातों में प्रति माह 1100 रुपये की दर से पेंशन राशि भेजी गई।

पश्चिम चंपारण जिले में कुल 3,33,195 पेंशनधारी लाभुकों के खातों में 39 करोड़ 14 लाख 53 हजार 200 रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई। डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरण होने से लाभुकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है।

पटना में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय सभागार, बेतिया में किया गया, जहां बड़ी संख्या में पेंशनधारी एवं अन्य लाभुक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि बिहार सरकार समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं असहाय महिलाओं के सम्मानजनक जीवनयापन का महत्वपूर्ण आधार हैं।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे। साथ ही उन्होंने लाभुकों से अपने क्षेत्र में आयोजित सहयोग शिविरों में भाग लेने और अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की।

जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा आमजन की सुविधा के लिए सहयोग पोर्टल एवं विभिन्न हेल्पलाइन सेवाएं शुरू की गई हैं। इन माध्यमों से पेंशन, आवास, शौचालय, म्यूटेशन, परिमार्जन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित शिकायतें एवं समस्याएं ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत जिले के छह लाभुक दंपतियों को भी लाभान्वित किया गया। उन्हें योजना के अंतर्गत एक-एक लाख रुपये की सावधि जमा (एफडी) का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी ने सभी लाभुक दंपतियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरजातीय विवाह सामाजिक समरसता एवं समानता को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नवदंपतियों के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, प्रभारी पदाधिकारी जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग विकास कुमार, डीपीओ आईसीडीएस कविता रानी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे।

Trending News