संवाददाता- राजेन्द्र कुमार
बेतिया (पश्चिमी चंपारण)
बेतिया । भाकपा (माले) का 11वां गोपालगंज जिला सम्मेलन भगत सिंह के शहादत दिवस पर उन्हें याद करते हुए युद्ध विरोधी मार्च के साथ शुरू हुआ। इस दौरान अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।

यह मार्च रामाश्रय मैरेज हॉल से शुरू होकर थाना चौराहा होते हुए मुख्य बाजार से गुजरते हुए पुनः सम्मेलन स्थल पर पहुंचा।
सम्मेलन को भाकपा (माले) पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेन्द्र झा, जीरादेई के पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा, जिला सचिव इंद्रजीत कुशवाहा, केंद्रीय कमेटी सदस्य संतोष सहर, राज्य कमेटी सदस्य सुनील यादव एवं जितेंद्र कुमार सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। महिला नेताओं में सरोज देवी और रमावती देवी भी उपस्थित रहीं।
इससे पूर्व सम्मेलन स्थल पर वरिष्ठ नेता डॉ. आर.आर. नशेमन द्वारा झंडोत्तोलन किया गया। इसके बाद भाकपा (माले) के संस्थापक चारु मजूमदार सहित कई शहीद नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सभी लोगों ने शहीद वेदी पर माल्यार्पण कर एक मिनट का मौन रखा।
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा ने अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों की निंदा की और इसे वैश्विक शांति के लिए खतरा बताया। उन्होंने इस मुद्दे पर देशभर में विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया।
वहीं, भाकपा (माले) पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेन्द्र झा ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां देश की संप्रभुता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए खतरा बनती जा रही हैं। उन्होंने जनता से एकजुट होकर इन नीतियों का विरोध करने की अपील की।
सम्मेलन के दौरान जिले में सामंतवाद विरोधी संघर्ष में शहीद हुए साथियों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।