Bihar News : औद्योगिक इकाइयों में शून्य दुर्घटना सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता – जिलाधिकारी

Vaishali industrial disaster safety awareness campaign Hajipur

Bihar News : औद्योगिक इकाइयों में शून्य दुर्घटना सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता – जिलाधिकारी

Share News

संवाददाता : राजेन्द्र कुमार

हाजीपुर / वैशाली। वैशाली की जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने समाहरणालय परिसर से ‘औद्योगिक आपदा एवं जोखिम जागरूकता वैन’ को हरी झंडी दिखाकर जिले में औद्योगिक आपदा सुरक्षा को लेकर तीन दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य औद्योगिक दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Vaishali industrial disaster safety awareness campaign Hajipur

यह विशेष जागरूकता अभियान दिनांक 8 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों, विशेषकर हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में चलाया जाएगा। जागरूकता वैन में अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से कारखानों में सुरक्षा उपायों, अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव, रासायनिक रिसाव की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों तथा आपातकालीन निकास प्रक्रियाओं पर आधारित शैक्षणिक फिल्में प्रदर्शित की जा रही हैं। इसके साथ ही श्रमिकों एवं उद्योग प्रबंधन के बीच सुरक्षा संबंधी पंपलेट्स का भी वितरण किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में शून्य दुर्घटना (Zero Accident) के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। यह तीन दिवसीय सघन अभियान श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराएगा तथा उद्योग प्रबंधन को सुरक्षा मानकों के अनुपालन के प्रति और अधिक संवेदनशील बनाएगा।

उन्होंने कहा कि यह जागरूकता रथ आगामी तीन दिनों तक हाजीपुर के औद्योगिक क्लस्टरों, प्रमुख कारखानों एवं श्रमिक बस्तियों में रुक-रुक कर सुरक्षा संबंधी फिल्मों का प्रदर्शन करेगा, जिससे किसी भी प्रकार की औद्योगिक दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।

फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी के साथ अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र (GM, DIC), मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (MEO) तथा नगर परिषद हाजीपुर के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Trending News